'साइकिल' पर सवार हुए धौनी के बड़े भाई
लखनऊ [जागरण ब्यूरो]। देशव्यापी विस्तार की मुहिम में जुटी समाजवादी पार्टी ने भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धौनी के बड़े भाई नरेंद्र सिंह धौनी को अपनी 'साइकिल' थमाई। रविवार को सपा में शामिल हुए नरेंद्र सिंह को झारखंड में पार्टी को मजबूत करने की जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें लोकसभा चुनाव में भी उतारने की बात चल रही है लेकिन अभी सीट निर्धारित नहीं है।
फुटबाल के मैदान में सालों गोल करने वाले नरेंद्र सिंह के लिए राजनीति का अखाड़ा नया नहीं है। पहले भाजपा फिर आल झारखंड स्टूडेंट यूनियन (आजसू) से राजनीतिक दांवपेंच खेलने वाले नरेंद्र ने अब सपा की ओर से ताल ठोंकी है। अपने नाम राशि वाले नरेंद्र मोदी से प्रभावित होकर उन्होंने 2009 में झारखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रघुवर दास से पार्टी की सदस्यता ग्रहण की थी और तीन साल काम किया। कयास लगाए जा रहे हैं कि नरेंद्र सिंह को पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय के खिलाफ मैदान में उतारा जा सकता है।
सपा के प्रदेश प्रवक्ता और कारागार मंत्री राजेंद्र चौधरी ने बताया कि नरेंद्र सिंह धौनी ने स्वयं पार्टी सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव से मुलाकात कर सपा में शामिल होने की इच्छा व्यक्त की थी। इस मौके पर झारखंड सपा के प्रभारी काशीनाथ यादव, प्रदेश अध्यक्ष मिराज खान, प्रदेश सचिव नौशाद समेत कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।
माही की पहचान थे नरेंद्र सिंह धौनी
आज भले ही नरेंद्र सिंह की पहचान महेंद्र सिंह धौनी का नाम हो, लेकिन एक समय ऐसा भी था जब माही को उनके बड़े भाई की वजह से जाना जाता था। फुटबाल के जिलास्तरीय खिलाड़ी रहे नरेंद्र को देखकर महेंद्र सिंह धौनी ने भी फुटबाल खेलना शुरू किया। हालांकि नब्बे के दशक में स्कूल छोड़ने के बाद नरेंद्र सिंह खेल से दूर हो गए और माही ने क्रिकेट को चुन लिया।
परिवार से रहते हैं अलग
नरेंद्र सिंह धौनी पहले परिवार के साथ ही रहते थे। लेकिन अपने छोटे भाई की शादी के लगभग एक साल बाद वे अलग हो गए। हालांकि वे मां-पिता, भाई, बहन सभी से मिलते रहते हैं और हर अवसर पर घर भी जाते हैं।
No comments:
Post a Comment