सौरव को मोदी ने दिया चुनाव लड़ने का न्योता
कोलकाता [जागरण ब्यूरो]। क्रिकेट के मैदान पर अपने छक्कों से बड़े-बड़ों के छक्के छुड़ाने वाले भारतीय टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली को भाजपा ने राजनीतिक पिच पर बल्लेबाजी का न्योता दिया है। बंगाल के महाराजा के नाम से मशहूर सौरव को भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने लोकसभा चुनाव लड़ने की पेशकश की है। इतना ही नहीं राजग के सत्ता में आने पर गांगुली को खेल मंत्री बनाने तक का एलान पार्टी ने कर दिया है। व्यस्तता के चलते सौरभ ने अभी कोई जवाब नहीं दिया है लेकिन वे जल्द ही इस पर फैसला कर सकते हैं।
स्वच्छ व ईमानदार छवि के लोगों को पार्टी में शामिल करने के लिए भाजपा नेतृत्व कोई मौका नहीं छोड़ना चाहते। पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के बेटे सुनील शास्त्री व पूर्व केंद्रीय गृह सचिव आरके सिंह को पार्टी में शामिल करने के बाद उसकी निगाहें 'बंगाल टाइगर' पर टिकी हैं। पश्चिम बंगाल में यह पांसा फेंककर भाजपा बड़ा दांव खेलना चाहती है। इसके लिए भाजपा सौरव गांगुली को बंगाल के बाहर की सुरक्षित सीट से टिकट देने को भी तैयार है।
राजनीतिक पर्यवेक्षकों का मानना है कि अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी के प्रति जिस तरह समाज के विशिष्ट व स्वच्छ छवि के लोगों का आकर्षण बढ़ रहा है, उससे भाजपा सतर्क हो गई है।
इससे पहले कांग्रेस ने मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर को राज्यसभा से सांसद बनाकर युवाओं को रिझाने का पूरा प्रयास किया था। इसी की बानगी अब भाजपा भी पेश कर रही है। महाराजा को पार्टी से जोड़ने पर भाजपा को कई फायदे दिख रहे हैं। केंद्र में सरकार बनाने की स्थिति में उसे खेल मंत्री के रूप में योग्य चेहरा मिलेगा तो इसके सहारे बंगाल में जनाधार भी बढ़ेगा। पूर्व भारतीय कप्तान को चुनावी मुश्किल से बचाने केलिए भाजपा ने गुजरात या अन्य सुरक्षित सीट से उन्हें उतारने की तैयारी भी कर ली है।
भाजपा के इस प्रस्ताव की बात सौरव गांगुली ने भी स्वीकार की है। उन्होंने कहा कि व्यस्तता की वजह से इस बारे में अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया है। राजनीति में जाने का निर्णय करने पर वह खुद इसे सार्वजनिक करेंगे। बंगाल के भाजपा अध्यक्ष राहुल सिन्हा का कहना है कि पार्टी की ओर से सौरव गांगुली को शामिल होने का न्योता दिया गया है।
---
'भाजपा से प्रस्ताव मिला है, पर व्यस्तता की वजह से सोच नहीं सका हूं, जल्द बताउंगा।
-सौरव गांगुली, पूर्व कप्तान-भारतीय क्रिकेट टीम
No comments:
Post a Comment